मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल खिरकिया के आराजी नंबर 217 में कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराए जाने पर उक्त आराजी में निवास कर रहे लोगों एवं दुकानदारों ने डीएम को पत्रक देकर पैमाइश होने तक निर्माण रोके जाने की मांग की। डीएम के निर्देश पर शनिवार की शाम को पुलिस और राजस्व विभाग ने बाउंड्री कार्य को पैमाइश होने तक रुकवा दिया है।
गांव निवासियों एवं दुकानदारों ने डीएम को दिए पत्र में कहा है कि जंगल खिरकिया के आराजी नंबर 217 पर बंजर भूमि है। इसी नंबर में कब्रिस्तान एवं नवीन परती की भूमि भी है। इसमें गरीब मजदूरी करने वाले परिवारों का आवास एवं दुकान भी है। इन परिवारों के घरों का गंदा पानी पीछे निकलता है। पीछे की ही भूमि पर कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाॅल का निर्माण एवं मिट्टी की खुदाई और जबरन दीवार का निर्माण कराया जा रहा है।
गांव के पूर्व प्रधान जय लाल प्रसाद गुप्त, अशोक सोनी, लतीफ अंसारी, रियाजुद्दीन अंसारी, गौतम कुमार, द्वारिका कुशवाहा, लक्ष्मन प्रसाद, ओमप्रकाश शर्मा, शिवचंद, अनिल जायसवाल आदि ने जिलाधिकारी से मांग की कि उक्त भूमि की पैमाइश होने तक निर्माण कार्य रोका जाए।