सिसवा बाजार। सिसवा-निचलौल मार्ग पर स्थानीय टैक्सी स्टैंड के पास बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे चार पहिया वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कक्षा 12 के छात्र हिमांशु (18) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो साथी सागर और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के सेखुई गांव निवासी हिमांशु अपनी मौसी के घर सबयां उत्तर टोला में रहकर एक विद्यालय में कक्षा 12 में पढ़ता था।
बुधवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने मौसेरे भाई सागर और गांव के मित्र प्रदीप के साथ बाइक से सिसवा बाजार जा रहा था। टैक्सी स्टैंड के पास सामने से आ रहे चार पहिया वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सागर और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी सिसवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।