धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में केस दर्ज
पुलिस की जांच में वर्ष 2009 से ही धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में पाया गया है लिप्त
आरोपी के बहनोई की तहरीर पर तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। ईसाई धर्म में धर्मांतरण कराने के आरोप में तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने गोपालगंज जिले के रहले वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बुधवार को ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। यह कार्रवाई आरोपी के बहनोई की तहरीर पर हुई है। पुलिस की जांच में वह वर्ष 2009 से ही धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है।
तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के खुदरा अहिरौली गांव के निवासी बचई प्रजापति ने तहरीर देकर बताया था कि उनका साला कन्हैया प्रजापति निवासी पूरेखास थाना गोपालपुर जनपद गोपालगंज (बिहार) धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त है। बचई के मुताबिक आरोपी ने उनकी पत्नी को ईसाई बना दिया है। उन्हें भी प्रलोभन देकर और डरा-धमकाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहा है। धर्मांतरण का यह कार्य कई वर्षों से कर रहा है। उनकी तहरीर पर तुर्कपट्टी पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने की जानकारी एसओ आनंद गुप्त ने दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी कन्हैया प्रजापति धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में वर्ष 2009 से ही संलिप्त है। इसी सिलसिले में वह मुंबई में भी रहा है। इसके अलावा बिहार स्थित उसके गांव में भी पता लगाया गया है।
ग्रामीणों ने पकड़कर सौंपा था पुलिस को
आरोपी कन्हैया प्रजापति को बुधवार को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था। गांव के लोगों ने उसे एक व्यक्ति के घर प्रार्थना सभा करते हुए पकड़ लिया था। उसे लेकर काफी हंगामा भी किया था। तभी से पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। शुक्रवार को तहरीर मिलने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।