उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव बैरागी पट्टी निवासी एक दलित युवक ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने पड़ोसियों पर पट्टे की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच महिला समेत 11 लोगों पर मारपीट, जानमाल की धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
पीड़ित अच्छेलाल प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता को तीन डिसमिल जमीन पट्टे में मिली थी। इस पर विवाद चल रहा है। आरोप है कि बीते 17 फरवरी को उनके पड़ोसी शौकत जबरदस्ती पट्टे की जमीन को कब्जा करने की नियत से नींव काटने लगे। विरोध करने पर शौकत और उनके परिवार के जमीर, जमालुद्दीन, गुचिया, सजाद, सोहराब, अख्तरी, आशिफ, सलेहा, सबेया, रइसनी समेत 11 लोगों ने उन्हें जाति सूचक अपशब्द बोलते हुए मारने-पीटने लगे। बीच-बचाव करने आए उनके भाई विशाल कुमार, कुशल कुमार, पिता काशीनाथ और पत्नी लीलावती देवी को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में तुर्कपट्टी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच महिला सहित 11 लोगों पर मारपीट, जानमाल की धमकी देने और एससी/एसटी एक्ट के केस दर्ज कर लिया गया है।