तमकुहीरोड। गोमतीनगर-छपरा एक्सप्रेस से बुधवार को लखनऊ से गोपालगंज जा रहे एक परिवार की बच्ची बुधवार की सुबह तमकुहीरोड स्टेशन पर उतर गई। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक ने तत्परता दिखाते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद उसे ढूंढ़कर कर परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। तमकुहीरोड स्टेशन पर सुबह 4:51 बजे गोमतीनगर-छपरा कचहरी 15113 एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची थी। यात्रियों के चढ़ने व उतरने के दो मिनट ठहराव के बाद ट्रेन अगले स्टेशन थावे के लिए रवाना हो गई। ट्रेन से एक परिवार के तीन सदस्य लखनऊ से गोपालगंज जा रहे थे। जब ट्रेन सुबह में 5:35 बजे थावे पहुंची तो उनके साथ जा रही उनकी बच्ची नहीं थी। अगल बगल के डिब्बों में ढूंढ़ने पर भी जब वह नहीं मिली तो इसकी सूचना रेलवे कर्मचारियों को दी। परिजनों ने आशंका जताई कि कहीं वह भूल से तमकुहीरोड स्टेशन पर तो नहीं उतर गई।