सुकरौली। क्षेत्र के गनेशपुर रजवाहा से होकर निकली जोल्हिनिया माइनर में बिना किसी सूचना के पानी छोड़ दिया गया। शनिवार को नहर का पानी सुकरौली कस्बा के पास पहुंचा तो कस्बा के पास नहर का बांध टूट गया। इससे आसपास किसानों की करीब दस एकड़ फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने तटबंध की मरम्मत और मुआवजे की मांग की है।
शनिवार की सुबह खेत में पानी लगने से गेहूं, मटर, चना और सरसों की फसल पानी से जलमग्न थी, जिसे देख किसानों में नाराजगी दिखी। किसानों का कहना है कि नहरों की मरम्मत के लिए कई बार अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारियों से मांग की गई। लेकिन, किसी भी अधिकारी ने किसानों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। सुकरौली के अनिल सिंह, दिलीप, संतोष कुमार, बबलू आदि किसानों का कहना है कि जब भी नहर में पानी छोड़ा जाता है, तो इसी स्थान पर नहर का तटबंध टूट जाता है। खेत में घुसे पानी को निकालने के लिए किसान पंपिंग सेट से पानी निकाल रहे हैं। अधिक दिन पानी खेत में रहने पर फसल खराब हो जाएगी। इस संबंध में एसडीएम प्रभाकर सिंह ने बताया कि नहर का बांध टूटने की सूचना मिली थी। संबंधित अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही बांध की मरम्मत करा दी जाएगी।