उपकेंद्र पर विद्युत कर्मचारी से मारपीट, प्रदर्शन
खोट्ठा में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर कर्मचारी की है तैनाती, तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के खोट्ठा में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत एक कर्मचारी से शनिवार रात करीब 11 बजे दो लोगों ने मारपीट की। इससे नाराज विद्युतकर्मियों ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर उपकेंद्र पर ही प्रदर्शन किया। विद्युतकर्मी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अहिरौली बाजार क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी अनुराग शर्मा खोट्ठा में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर विद्युत परिचालक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार रात वह ड्यूटी पर तैनात थे, तभी करीब 11 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उपकेंद्र पर आए और बिना कोई कारण बताए उन्हें पीटने लगे। जाते समय विद्युत उपकेंद्र का सीयूजी नंबर और पर्सनल मोबाइल का सिम, स्मार्ट वॉच, नेक बैंड, ब्लूटूथ लेकर चले गए। घटना की सूचना रविवार सुबह अनुराग शर्मा ने उपकेंद्र पर तैनात विद्युत कर्मियों को दी। इसके बाद लाइनमैन और विद्युतकर्मियों ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
इसकी जानकारी एसडीओ सुकरौली ऋषभ श्रीवास्तव को हुई तो वह तत्काल अवर अभियंता एमएन अवस्थी और टेक्नीशियन धीरेंद्र प्रताप श्रीवास्तव के साथ विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसडीओ ने कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दिलाई।
प्रदर्शन करने वालों में विद्युतकर्मी सदानंद यादव, ज्ञानी सिंह, शोभा सिंह, राकेश, विजय गोंड, जयहिंद, सत्यनारायण चौरसिया, रामकृपाल और बलवंत सिंह आदि शामिल थे। इस संबंध में अहिरौली बाजार थाने के एसओ पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।