आश्रितों को दी गई सहायता राशि
दो जून को पडरौना नगर की आवास विकास कॉलोम में हुआ था हादसा
शौचालय की टंकी में दम घुटने से दो भाइयों समेत तीन की हुई थी मौत
कुशीनगर। दो जून को पडरौना शहर की आवास विकास कॉलोनी में शौचालय की टंकी में दम घुटने से मरने वाले तीनों व्यक्तियों के आश्रितों को सहायता राशि का चेक प्रदान कर दिया गया है। डीएम की संस्तुति पर प्रत्येक मृतक आश्रित के परिवार को चार-चार लाख रुपये का चेक दिया गया है।
बृहस्पतिवार शाम को आवास विकास कॉलोनी में शौचालय की टंकी में दम घुटने से गायत्रीनगर पडरौना में रहने वाले सफाई मजदूर रवि (35), उसके भाई छोटेलाल (29) और मकान मालिक के चालक शिवपुर निवासी संजय मद्धेशिया (40) की मौत हो गई थी। मौके पर डीएम, एसपी, एडीएम, एसडीएम, नगरपालिका चेयरमैन, ईओ सहित काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। अग्निशमन दस्ता, पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों की काफी मशक्कत के बाद तीनों को शवों को बाहर निकाला गया था।
लेखपाल योगेंद्र गुप्ता ने बताया कि तहसील प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए डीएम एस. राजलिंगम की संस्तुति पर सभी मृतकों के परिजनों के खाते में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि मुहैया करा दी गई है।
मुआवजा और न्यायिक जांच की मांग
पडरौना। आजाद समाज पार्टी की जिला इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। इन्होंने पडरौना नगर की आवास विकास कॉलोनी में दो जून को शौचालय की टंकी में तीन लोगों की मौत की घटना की न्यायिक जांच कराने और मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनपद में शौचालय की टंकी सफाई कराई जा रही है, लेकिन मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मास्क, ऑक्सीजन सिलिंडर व वर्दी आदि संसाधनों के बिना ही मजदूरों से टंकी की सफाई कराई जा रही है। इसकी जांच आवश्यक है। इस दौरान राहुल चौधरी, जय सिंह, सीताराम मौर्या, संजय कुमार, जाकिर अली, पन्नेलाल भारती, जयप्रकाश, कमलेश, राजू, शैलेश, बालेश्वर आदि मौजूद रहे।