अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित करें कार्रवाई: डीएम
त्योहार पर नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में रखे साफ-सफाई का विशेष ख्याल
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखने और अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि दीपावली और छठ त्योहार को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। किसी भी प्रकार से सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करें। ताकि प्रशासन पर लोगों का विश्वास और समाज में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने त्योहार को देखते हुए जिले के नगरपालिका और नगर पंचायत के ईओ और डीपीआरओ को नगर, कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, फागिंग आदि कराकर विशेष साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में लगे स्ट्रीट लाइट, कूड़ा निस्तारण, डंपिंग प्वाइंट्स आदि बिंदुओं की समीक्षा की। एसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने चेताया कि गलत बातों को प्रसारित करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। असहज स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। किसी भी घटना के घटित होने पर पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग करें। इस दौरान एडीएम देवीदयाल वर्मा, एएसपी रितेश कुमार सिंह, सीओ संदीप वर्मा, सीओ पीयूष कांत आदि मौजूद रहे।
हक की बात कार्यक्रम में डीएम ने छात्राओं से किया सीधा संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हक की बात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीएम ने छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने घरेलू हिंसा, महिला हिंसा सहित अन्य बिंदुओं पर डीएम के समक्ष बेवाकी से अपनी बात रखी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मंगलवार को मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डीएम एस. राजलिंगम भी शामिल हुए। उनके अलावा एडीएम देवीदयाल वर्मा, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया, एएसपी रितेश कुमार सिंह, डीआईओएस मनमोहन शर्मा, डीपीओ शैलेंद्र राय, बाल कल्याण समिति की चेयरमैन दीपाली सिन्हा, जिला सूचना अधिकारी कृष्ण कुमार सहित अनेंक विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस कार्यक्रम के दौरान पांच मामले घरेलू हिंसा के अलावा जमीन संबंधी विवाद, थाने से संबंधित प्रकरण सहित सात अन्य मामले प्रस्तुत हुए। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र के आवास संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।