दुर्घटना में एक की मौत
- गोरखपुर-कप्तानगंज मार्ग पर हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बोदरवार। गोरखपुर की ओर से आ रहे डीसीएम के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे चकिया गांव के सामने डीसीएम एक पेड़ से टकराकर गड्ढे में चली गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने से डीसीएम मालिक की मौत हो गई, जबकि चालक डीसीएम से कूदकर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर, विजयीपुर टंकी बाजार निवासी रत्नेश कुमार मिश्रा (35) अपने डीसीएम पर किराना का सामान लादकर रविवार भोर में गोरखपुर की तरफ से आ रहे थे। तकरीबन चार बजे डीसीएम अभी मुख्य मार्ग पर चकिया गांव के ईंट-भट्ठे के सामने पहुंची थी कि चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। डीसीएम बायीं तरफ एक पेड़ से टकराकर गड्ढे में चली गई। इस बीच चालक डीसीएम से कूदकर भाग गया, लेकिन डीसीएम में अगली सीट पर बैठे गाड़ी मालिक रत्नेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बोदरवार चौकी के पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर जब तक बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चौकी इंचार्ज राकेश रोशन सिंह ने बताया कि चालक को झपकी आने के कारण हुई होगी। मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।