कसया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर स्थित बाईपास मार्ग पर संचालित एक निजी होटल में एसी की मरम्मत करने गए मकैनिक की रविवार की देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने होटल कर्मचारियों पर समय से मदद न करने और मौके से भाग जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, आराजी परसौनी निवासी विवेक प्रताप राव (24) होटल में खराब एसी की मरम्मत करने पहुंचे थे। मरम्मत के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज, रविंद्रनगर धूस रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घर वालों का आरोप है कि हादसे के बाद होटल के कर्मचारी उनकी मदद करने के बजाय भाग गए। क्राइम इंस्पेक्टर अवधेश उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद