खड्डा। क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान भैसहा-खड्डा मार्ग पर एक पेड़ गिर गया, जिससे करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा। बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर हल्का ओलावृष्टि भी हुई।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब दो बजे मौसम में अचानक बदलाव होने के साथ तेज हवा चलने लगी। तेज हवा देख बिजली निगम ने क्षेत्र के मदनपुर, सुकरौली, गैनही जंगल, भैंसहा, हनुमानगंज, पकड़ी बृजलाल, सिसवा गोपाल, सोहरौना, बंजारीपट्टी समेत कई गांव की विद्युत सप्लाई काट दी।
तेज हवा के दौरान ही खड्डा-भैसहा मार्ग स्थित तुर्कहा नाला के पास एक पेड़ टूट कर गिर गया। इसके चलते इस मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बारिश बंद होने के बाद गांव के लोगों ने सड़क पर गिरे पेड़ को किसी तरह हटवाकर आवागमन बहाल कराया। हालांकि करीब एक घंटे बाद मौसम साफ हो गया, लेकिन कटाई कर मढ़ाई के लिए खलिहान में गेहूं की फसल पूरी तरह भीग गई।