पडरौना। माध्यमिक शिक्षा परिषद से एक विद्यालय एक खेल योजना लागू की है। इसके तहत जिले में संचालित माध्यमिक कॉलेज अपने यहां नामांकित विद्यार्थियों को किसी एक खेल में दक्ष बनाएंगे। इसके लिए यूपी बोर्ड की तरफ से डीआईओएस को पत्र भेजा गया है। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्य को पत्र जारी कर 26 अप्रैल तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 22 राजकीय, 55 वित्तपोषित और 291 वित्तपोषित समेत 368 माध्यमिक विद्यालय संचालित होते है। नये सत्र में खेल संबंधित गतिविधि सत्र के पहले महीने से ही शुरू हो रही हैं। यूपी बोर्ड की तरफ से कुल 31 खेलों को मंजुरी देते हुए डीआईओएस से रिपोर्ट मांगी है कि प्रत्येक माध्यमिक स्कूल से एक-एक खेल का चयन कराकर 31 अप्रैल तक सूची मुहैया कराएं। डीआईओएस की तरफ से माध्यमिक विद्यालयों को जारी पत्र में सभी माध्यमिक स्कूलों से 26 अप्रैल तक एक-एक खेल का चयन करते हुए रिपोर्ट मांगी है। बोर्ड ने स्कूल स्तर से लेकर मंडल व राज्य स्तरीय खेल स्पर्धाओं के आयोजन को धार देने व राष्ट्रीय स्पर्धा में माध्यमिक से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल करने के उद्देश्य से सत्र के पहले माह से ही गतिविधि संचालन शुरू किया है।
0
इन खेलों में करना है चयन
बोर्ड की तरफ से जारी खेल सूची में कुल 31 खेलों का विकल्प स्कूलों को चयन के लिए दिया गया है। शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, खोखो, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, योगासन, हैंडबॉल, तैराकी, जिम्नास्टिक्स, कुराश, वुसू, वालीबॉल, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, मलखंभ, हॉकी, जूडो, कुश्ती आदि खेलों को जगह दी गई है।
0
यूपी बोर्ड की तरफ से इस बार खेल गतिविधि बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए सभी माध्यमिक स्कूलों से किसी एक खेल का चयन कर रिपोर्ट मांगी गई है। सभी स्कूलों की रिपोर्ट मिलने पर इसे बोर्ड भेज दिया जाएगा। -श्रवण कुमार गुप्ता, डीआईओएस, कुशीनगर।