कसया (कुशीनगर)। नगर के गांधी चौक से नहर बाईपास तक जाने वाली कसया-तुर्कपट्टी मार्ग के उच्चीकरण और पिच कराने को लेकर सोमवार को करीब 10 बजे से एक नंबर वार्ड रानी लक्ष्मीबाईपुरम के लोगों ने मथौली गेट के सामने धरना शुरू कर दिया। धरने में शामिल वार्डवासियों का आरोप था कि इस मार्ग को बनवाने के लिए कई बार संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर लोकायुक्त के चार सदस्यीय टीम तक को अवगत कराया गया है, लेकिन इसकी कोई सुधि नहीं ली गई। जिसका नतीजा है कि आए दिन इससे गुजरने वाले राहगीर गिरकर घायल हो जाते हैं। प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
वार्ड सभासद प्रतिनिधि अशोक चौधरी ने कहा कि तब तक धरना चलता रहेगा, जब तक कि मार्ग पर काम शुरू नहीं हो जाता है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल व सड़क पर उतरकर आंदोलन भी किया जाएगा। इन लोगों का आरोप है कि इस सड़क को बनवाने के लिए दो वर्ष पूर्व ही रकम अवमुक्त कर दिया गया है, लेकिन बनना तो दूर, काम तक नहीं शुरू हुआ। इस दौरान विनय प्रताप राव, दयाशंकर सिंह, दुलार चंद शर्मा, पवन कुमार जायसवाल, बबलू पांडेय, रामाज्ञा शर्मा, लक्ष्मण विश्वकर्मा, श्यामा प्रसाद चौहान, पवन कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।