जनपद में 12 लोग कोरोना संक्रमित मिले
एक्टिव मरीजों की संख्या 23 पहुंची
कुशीनगर। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा बुधवार को भी जारी रहा। 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें सर्वाधिक लोग तमकुही क्षेत्र के लोग हैं। अब एक्टिव केस 23 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि कोरोना काल से बुधवार की शाम तक जनपद में 11 लाख 284 लोगों की कोरोना जांच हुई। इनमें 15671 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 227 की मौत हो चुकी है तथा 15399 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
बुधवार को 1493 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। शाम तक 1493 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 1481 निगेटिव और 12 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में तमकुही क्षेत्र से चार, फाजिलनगर से एक, हाटा से दो, कप्तानगंज से दो, नेबुआ नौरंगिया, पडरौना और अन्य क्षेत्रों से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। पहले से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की वजह से अब एक्टिव मरीजों की संख्या 23 रह गई है। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सीएमओ ने जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।