जिले में कोरोना के 12 नए मरीज मिले
- तीसरी लहर में अब तक 746 लोग हो चुके हैं संक्रमित
कुशीनगर। जिले में बुधवार को 12 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। एक्टिव केस की संख्या 106 है। तीसरी लहर में अब तक जिले में कुल 764 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि 4343 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, इसमें से 3269 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें से 3257 निगेटिव और 12 पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में कप्तानगंज से एक, खड्डा के दो, नेबुआ नौरंगिया से एक, रामकोला से एक, पडरौना से एक, फाजिलनगर के दो, कसया के दो, तमकुहीराज से एक और मोतीचक से एक व्यक्ति शामिल है। अब जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटकर 106 हो गई है।
सीएमओ ने बताया कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर में छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा तीसरी लहर में 152310 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 746 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि 633 लोग स्वस्थ हुए हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 0.48 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 84.96 प्रतिशत है। मृत्यु दर 0.80 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।