कसया विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने संविदा कर्मियों से बात करते सीओ रामदास प्रसाद।
- फोटो : अमर उजाला
कसया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन की जिला कमेटी की अगुवाई में मानदेय भुगतान नहीं मिलने के मामले को लेकर गुरुवार को कर्मी अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गए। भूख हड़ताल पर बैठे संविदा कर्मियों का आरोप था कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत से उनके कई महीनों के मानदेय का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। जिसके चलत संविदा कर्मियों के सामने भुखमरी की स्थिति की उत्पन्न हो गई है।
संविदा कर्मियों के भूख हड़ताल की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज कस्बा धर्मेंद्र कुमार पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे संविदा कर्मियों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। उसी दौरान सीओ रामदास प्रसाद पहुंच गए और कर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
उसके बाद संविदा कर्मी मान गए और वापस लौट गए। प्रशासन की ओर से संविदा कर्मियों को यह बताया गया कि अभी जिले में निषेधाज्ञा लागू है। इस तरह की गतिविधि करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा सकती है व आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पाबंद भी किया जा सकता है। इस मौके पर संविदा मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक राय, संतोष मिश्र, अनिल श्रीवास्तव, संजय दुबे, अजय पांडेय, अनिरुद्ध खरवार, उमेश गोंड, हरिंद्र, उमेश चौधरी, दीपू शाही, अमित कुमार, सैय्यद, गोविंद तिवारी आदि कर्मी मौजूद रहे।