उत्तर प्रदेश सरकार ने आखिरकार प्रतापगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक आशाराम यादव का तबादला कर ही दिया। इसके अलावा छह अपर पुलिस अधीक्षकों का भी तबादला किया गया है।
कुंडा कांड में पुलिसकर्मियों की भूमिका पर आपत्ति जताते हुए सीबीआई ने कुछ दिनों पहले जिले के अपर पुलिस अधीक्षक समेत कुंडा सर्किल के सभी थानों में पुलिसकर्मियों को हटाने की राज्य सरकार से सिफारिश की थी।
इस पर राज्य सरकार ने अमल करते कुंडा सर्किल के सभी थानों के पुलिसकर्मियों को गैर जिला स्थानांतरित कर दिया था, पर अपर पुलिस अधीक्षक का तबादला नहीं किया गया था।
कुछ उच्च पुलिस अधिकारियों ने इस पर यह दलील दी थी कि अपर पुलिस अधीक्षक की प्रतापगढ़ में कुंडा कांड से एक दिन पहले ही तैनाती हुई थी, लिहाजा उनकी किसी मामले में संलिप्तता का सवाल नहीं है। जबकि गृह सचिव आरएन उपाध्याय ने कहा था कि आशाराम यादव के तबादले का प्रस्ताव आते ही कार्यवाही की जाएग़ी।
तबादलों की जारी सूची के मुताबिक आशाराम यादव को प्रतापगढ़ से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अलीगढ़ बनाया गया है।
अलीगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विसर्जन सिंह यादव को प्रतापगढ़ भेजा गया है। अलीगढ़ में एएसपी यातायात वीरेंद्र कुमार मिश्र को प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान में तैनात किया गया है। सतर्कता विभाग में तैनात रहे शकीलुज्जमा को अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात बनाया गया है।
हमीरपुर से अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश पांडेय को कानपुर में पीएसी की 37वीं वाहिनी में तैनात किया गया है, जबकि यहां तैनात रहे देवेश कुमार पांडेय को हमीरपुर में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।