डिप्टी सीएम केशव के क्षेत्र में चुनावी जनसभा करने आए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखे तंज कसे। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने डिप्टी सीएम का नाम तो नहीं लिया लेकिन स्टूल वाला मंत्री कहकर उन पर व उनके परिवार पर जमकर सियासी हमला बोला।
अखिलेश ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में जनता ने इन्हें नकार दिया था। लेकिन यहां वोटों की लूट हुई। जनता से सवाल किया कि वह यहां का बेटा कहते हैं, लेकिन पिछले पांच साल ने कितनों को नौकरी मिली? जनता का जवाब नहीं में आया। स्टूल वाले मंत्री के परिवार ने भी काफी अत्याचार किए। लोगों पर फर्जी मुकदमे लगवाए गए। वसूली भी कराई गई।
कहा कि जिस व्यक्ति ने अपना कॅरियर ही वसूली से शुरू किया हो, उससे उम्मीद क्या की जा सकती है? भाजपा के एक नेता का नाम लिए बगैर कहा कि पिछले दिनों उन्होंने कहा कि 12वीं पास कर इंटर करने वाले को लैपटॉप दिया जाएगा। शुक्र है घबराहट में वह नहीं बोले की इंटर के बाद हाईस्कूल पास करने पर लैपटॉप मिलेगा। जनता से सवाल किया कि सत्ता में आने से पहले कहा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी। कितने किसानों की आय दोगुनी हुई।
क्रय केंद्र या तो खुले ही नहीं, खुले तो वहां धान लूट लिया गया। डीएपी भी पांच किलो कम मिल रही है। भाजपा ने गरीबों को अनाथ कर दिया। चुटकी लेते हुए कहा कि पिछले दिनों एक मंत्री सड़क का उद्घाटन करने गए थे। सड़क पर नारियल फोड़ा, नारियल तो टूटा नहीं, बल्कि सड़क ही टूट गई। सड़के नहीं बनवाई र्गइं, बनी भी तो वह पीछे से उखड़ने लगीं।
सपा सरकार बनने के तीन महीने के अंदर सड़कों की जांच कराई जाएगी। कहा कि सिराथू से सपा की पल्लवी प्रत्याशी हैं। वह यहां की बहू हैं। जनता से सवाल पूछा कि इन्हें जिताओगे की नहीं ? जनता ने हाथ उठाकर सिराथू से पल्लवी व मंझनपुर से इंद्रजीत सरोज को जिताने का आश्वासन दिया। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने बिना मांगे अपनी सरकार में मुख्यालय को जोड़ने के लिए चौड़ी सड़क बनवाई। जनता से कहा कि सपा सरकार बनने के बाद जिले के विकास के लिए जो भी चाहिए वह लखनऊ से ले आओ।