गोली रामनेवाज के सीने के पास लगी तो वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस पर भी आरोपी हमलावर शांत नहीं हुआ। उसने दोबारा फायर कर दिया तो बगल में दरवाजे के बाहर बैठीं परिवार की पार्वती पत्नी अमृतलाल और उसकी बेटी विनीता को भी छर्रे धंस गए। इसके बाद आरोपी हमलावर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए भाग निकला।
हत्या की सूचना पाकर सैनी कोतवाली प्रभारी चंद्रभूषण मौर्या अजुहा चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को सीएचसी सिराथू पहुंचाया गया। सीएचसी में डॉक्टर ने रामनेवाज को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद मां-बेटी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर गांव में हत्या की वारदात के बाद सन्नाटा पसर गया।
वायरलेस से खबर प्रसारित हुई तो एएसपी समर बहादुर सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करने के बाद घटनास्थल से फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य के लिए जरूरी नमूने एकत्र कर सील बंद किए। घायलों के इलाज में लापरवाही न हो इसके लिए पुलिस की एक टीम गठित कर जिला अस्पताल में तैनात की गई है।
आरोपी घर में ही चलाता है तमंचा बनाने की फैक्ट्री
ग्रामीणों के मुताबिक घटना में जिस आरोपी का नाम सामने आ रहा है, वह फतेहपुर जनपद के खखरेरु का रहने वाला है। पिछले दस साल वह घर बनाकर धुमाई गांव में रह रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपी अपने घर में ही तमंचा बनाने की फैक्ट्री भी चलाता है। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने मौके से तमंचा बनाने के उपकरण व कई तमंचे भी बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस अफसर अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। सीओ सिराथू का कहना है कि मृतक रामनेवाज के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।