केंद्र सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार माफिया की दो हजार करोड़ की भूमि पर कब्जा कर गरीबों के घर बनाने का काम रही है। जो माफिया कभी सपा के संरक्षण में पलते थे, वह आज जेल में हैं। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि साइकिल का बटन दबाने का मतलब माफिया अतीक, मुख्तार और आजम जेल से बेल पर बाहर आ जाएंगे।
शुक्रवार को सिराथू विधानसभा के करनपुर बाजार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे गृहमंत्री ने सपा, बसपा व कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। पुलवामा में आतंकी हमले का जिक्र कर कहा कि देश की सेना ने प्रधानमंत्री के मनोबल बढ़ाने पर सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों को मार गिराया। कश्मीर में जब धारा 370 हटाने की बात हुई तो सदन में अखिलेश बाबू बोले की खून की नदियां बहेंगी।
कश्मीर को मुक्त कराने के लिए सरकार ने धारा 370 हटाई। खून की नदी तो दूर किसी ने कंकण तक फेंकने की हिम्मत नहीं जुटाई। सपा और बसपा के सहयोग से कांग्रेस ने 10 साल तक केंद्र की सत्ता पर राज किया, लेकिन उसने धारा 370 हटाने की हिम्मत नहीं जुटाई। इत्र कारोबारी पीयूष जैन का नाम लिए बगैर कहा कि सपा मुखिया को सुना था कि इत्र बहुत पसंद है। कानपुर के एक कारोबारी के यहां चार सौ करोड़ टैक्स चोरी का रुपया पकड़ा गया तो वह बेचैन हो गए। बाद में पता चला कि वह कारोबारी समाजवादी इत्र बनाता था।
सीमा व सेना की तरफ आंख उठाने वाले का कलम होगा सिर
करनपुर बाजार में डिप्टी सीएम के समर्थन में भीड़ देख गृहमंत्री अमित शाह का अंदाज आक्रामक हो गया। कहा कि देश की सीमा व सेना की तरफ आंख उठाने वाले का सिर धड़ से कलम कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने सेना का मनोबल बढ़ाया है। साफ कहा गया कि भाजपा राष्ट्रवाद से किसी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
अखिलेश के चश्मे में दो तरह के लेंस
गृहमंत्री अमित शाह ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह अलग तरह का चश्मा लगाते हैं। एक लेंस में परिवार व दूसरे में संपत्ति दिखती है। तभी सपा शासन काल में 45 उच्च पदों पर लोग उनके परिवार से जुड़े बिठाए गए थे। भाजपा ऐसा चश्मा नहीं लगाती। सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ पार्टी का कारवां आगे बढ़ रहा है।
केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के सहारे साधा निशाना
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, आदिवासी के कल्याण के यज्ञ का शुभारंभ किया। प्रदेश के पिछड़ा समाज के लिए मुफ्त गैस का सिलिंडर देने का काम किया गया। जनता से सवाल किया कि पहले की सरकार में कितने घंटे बिजली मिलती थी, आज 24 घंटे बिजली मिलती है कि नहीं। सरकार ने 1.41 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया। कहा कि सरकार ने पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पांच एक्सप्रेसवे, 10 शहरों में मेट्रो, 10 विश्वविद्यालय, 51 नए कॉलेज, 26 पॉलिटेक्निक, 76 नर्सिंग कॉलेज, 42 लाख गरीबों को पक्के घर, 2.61 करोड़ परिवारों को शौचालय दिया गया है।
सिराथू के सौरंई बुजुर्ग में आयोजित जनसभा में कार्यकताओं का अभिवादन करते ग्रह मंत्री अमित शाह- फोटो : KAUSHAMBI