ठगी के शिकार युवक को पुलिस ने वापस दिलाए 2.79 लाख रुपये
साइबर अपराधियों ने जोमाटो वर्क ग्रुप के नाम पर की थी ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली के परास गांव में साइबर ठगी के शिकार युवक के छह महीने बाद पुलिस ने 2.79 लाख रुपये वापस करा दिए। शातिरों ने टेलीग्राम ग्रुप बनाकर जोमाटो वर्कग्रुप में वर्क फ्रॉम होम के झांसे में फंसाकर युवक को चूना लगाया था।
परास गांव निवासी मो. सैफ ने बताया कि छह महीने पहले साइबर शातिरों ने टेलीग्राम ग्रुप बनाकर जोमाटो वर्कग्रुप में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर उसे फंसा लिया। अलग-अलग टास्क के नाम पर शातिरों ने उससे दो लाख 79 हजार 891 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। ठगी की जानकारी होने पर सैफ के होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने रिया जयदीप निवासी गुजरात के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक अयोध्या प्रसाद ने टीम के साथ गुजरात पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान पता चला कि साइबर शातिरों ने रिया जयदीप का बैंक खाता हाईजैक कर रखा था। इसकी जानकारी होने पर रिया जयदीप ने बैंक को प्रार्थना पत्र देकर खाते को होल्ड करा दिया था। पुलिस टीम के पहुंचने पर रिया जयदीप ने सैफ की रकम उसके खाते में ऑनलाइन स्थानांतरित कर दी। रुपये वापस मिलने पर रविवार को पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को धन्यवाद दिया।