शौर्य और समीर के शानदार प्रदर्शन से फाइनल में पहुंचा यूपीसीए
- यूपीसीए को चार विकेट से मिली सफलता
फोटो नं- 25
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। 14वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। टीम के श्रेय शौर्य सिंह ने सटीक गेंदबाजी और समीर चौधरी ने हरफनमौला प्रदर्शन किया।
रिजवी कॉलेज मैदान में पहले सेमीफाइनल मैच के लिए टॉस जीतकर यूपीसीए ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन को खेलने का अवसर दिया। पूरी टीम 35.4 ओवर में 179 रन पर ऑल आउट हो गई। इसमें निशांत ठाकुर 36, आदित्य सिंह 33, ओम सैनी 24, सक्षम राय ने 21 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए यूपीसीए की टीम से शौर्य सिंह ने आठ ओवर में 47 रन देकर चार विकेट, नुरेन अली ने आठ ओवर में 41 रन देकर दो विकेट और समीर चौधरी ने 6.3 ओवर में महज 23 रन देकर एक विकेट झटका। जवाब में उतरी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 27.3 ओवर में छह विकेट पर 182 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसमें आदर्श सिंह 66, समीर चौधरी 55 नाबाद, दिव्यांश राजपूत ने 28 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए जिला क्रिकेट एसोसिएशन के गेंदबाज ओजेशव त्यागी ने आठ ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट, सचिन यादव ने चार ओवर में 33 देकर एक विकेट और तनय सिंह ने आठ ओवर में 47 रन देकर एक विकेट लिए। मैच के बाद यूपीसीए के अंडर-19 टीम के कोच उबैद कमाल व यूपीसीए के मीडिया प्रभारी तालिब खान ने शौर्य सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। मैच में रोहित यादव और मो. आदिल ने अंपायरिंग और अनूप शर्मा और प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की। रविवार को फरीदाबाद क्रिकेट एसोसिएशन व अलीगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के बीच सुबह 9.30 बजे से मुकाबला होगा।