Uncontrollable pickup crushed uncle-nephew
- फोटो : KAUSHAMBI
कोतवाली के कोल्हुआ गांव के समीप मंगलवार शाम बाइक से निमंत्रण में शामिल होने जा रहे चाचा-भतीजे को बेकाबू पिकअप ने कुचल दिया। दोनों निमंत्रण में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे की जानकारी पर परिजनों के साथ ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोग उग्र होते इससे पहले समझाबुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महेवाघाट कोतवाली के अलवारा गांव निवासी राम सजीवन सिंह उर्फ नेता (16) स्थानीय राम अभिलाष सिंह रानी देवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह अपने ताऊ शिवपूजन (65) के साथ बाइक से निमंत्रण में शामिल होने के लिए सरायअकिल के लाला का पुरवा गांव जा रहा था।
बाइक राम सजीवन चला रहा था। जैसे ही दोनों पश्चिमशरीरा कोतवाली के कोल्हुआ गांव के समीप पहुंचे तभी बेकाबू पिकअप ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे राम सजीवन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से जख्मी होकर शिव पूजन तड़पने लगा। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस एंबुलेंस से शिवपूजन को इलाज के लिए ले जाती, इससे पहले उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। मौके पर रिश्तेदारों का जमघट लग गया। भीड़ उग्र होती इससे पहले ही पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर लोगों को शांत कराया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाली पिकअप भी पकड़ ली गई है, जबकि उसकी चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला था।
Uncontrollable pickup crushed uncle-nephew- फोटो : KAUSHAMBI