कोखराज कोतवाली के असवां मोड़ के समीप बुधवार दोपहर तेज रफ्तार कार सवार ने साइकिल सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी है। पति को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिरियावां गांव निवासी अग्गन खान (36) बुधवार को अपनी पत्नी सायरा बानो के साथ बकरीद पर्व को लेकर खरीदारी करने भरवारी बाजार आए थे। खरीदारी के बाद दोपहर में दंपती साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लोग असवां मोड़ के पास पहुंचे प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक गाड़ी सहित भाग निकले।
हादसा देख मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस एंबुलेंस से दंपती को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाई यहां चिकित्सकों ने सायरा बानो को मृत घोषित कर दिया। अग्गन की भी हालत नाजुक बनी थी। प्राथमिक इलाज के बाद उसे एसआरएन रेफर किया गया है। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग एसआरएन के लिए रवाना हो गए।