नगर कोतवाली क्षेत्र के समदा नहर की पटरी पर सोमवार की सुबह एक ट्रक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे ट्रक में आग लग गई। करंट की चपेट आने से खलासी व एक मजदूर समेत दो लोग झुलस गए। जबकि ड्राइवर समेत ट्रक सवार आधा दर्जन मजदूरों ने कूद कर किसी तरह जान बचाई।
घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने झुलसे लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चित्रकूट के जायसवाल एंड संस कंपनी के ट्रक में सीमेंट लादकर ड्राइवर राजेंद्र (40), व खलासी जवाहर (35) निवासी राजापुर, चित्रकूट मंझनपुर स्थित खान बिल्डर्स के गोदाम आया था।
सोमवार की सुबह सीमेंट उतार कर करीब 10 बजे ट्रक ड्राइवर व खलासी और आधा दर्जन मजदूर चित्रकूट लौट रहे थे। नो एंट्री होने के चलते समदा नहर के रास्ते से जाते समय ट्रक एक निजी इंटर कॉलेज के समीप हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। इससे ट्रक में आग लग गई।
आननफानन मजदूर, खलासी और ड्राइवर ट्रक से कूद पड़े। ट्रक से कूदते समय खलासी जवाहर व मजदूर विजय (30) निवासी टेवा थाना मंझनपुर झुलस गए। ट्रक से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। अस्पताल में जवाहर और विजय का इलाज चल रहा है।
ड्राइवर राजेंद्र ने बताया कि ट्रक के पीछे चल रही कार को उसने पास दिया। जिसके चलते ट्रक नहर पटरी पर लटक रहे तार की चपेट में आ गया। ट्रक का पिछला हिस्सा तार में छूते ही आग लग गई। सभी अपनी जान बचाने को ट्रक से कूद पड़े। खलासी और मजदूर करंट की चपेट में आने से झुलस गए है।
Truck caught fire due to high tension electric wire, two scorched- फोटो : KAUSHAMBI
Truck caught fire due to high tension electric wire, two scorched- फोटो : KAUSHAMBI