देवीगंज के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर ट्राली
- फोटो : KAUSHAMBI
टेढ़ीमोड़ के पास सोमवार की दोपहर भूसा लदा बेकाबू ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के नासिरपुर फरीदगंज निवासी पवन उर्फ पिंटू सोनकर (32) ठेले पर सब्जी की फेरी कर परिवार का गुजारा करता था। सोमवार को वह भूसा लेने बाकरगंज गांव गया था। भूसा लेकर पवन ट्रैक्टर में बैठकर वापस घर आ रहा था। तभी, टेढ़ीमोड बाजार के समीप अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दोनों लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मची चीखपुकार सुन जुटे स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पवन की मौत हो गई। जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।