आठ सितंबर को मुख्यालय पर डीएम सुजीत कुमार ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे सुपरवाइजरों की बैठक ली थी। बैठक के दौरान सिराथू के सुपरवाइजर ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय जगन्नाथपुर के सहायक अध्यापक सुशील कुमार तिवारी ने अब तक फार्म छह, सात और आठ भरकर नहीं दिया है।
डीएम ने फोन पर बीएलओ सुशील तिवारी से वार्ता की। जिसमें बीएलओ ने बताया कि वह प्रयागराज से आवागमन करते हैं। आवागमन में चार घंटा लगने के कारण वह बीएलओ कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस पर डीएम ने फटकार लगाते हुए बीएसए को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसी तरह सिराथू के ही दूसरे सुपरवाइजर ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय चकचमरूपुर के बीएलओ कार्य में लगाए गए सहायक अध्यापक रवि प्रकाश यादव ने भी फार्म छह, सात और आठ भरकर नहीं दिया है। वहीं मूरतगंज ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पल्हना कछार की सहायक अध्यापिका रीता सोनी ने भी फार्म छह, सात और आठ भरकर नहीं दिया है।
जिस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए तीनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए प्रकाश सिंह को निर्देशित किया। इसके बाद सोमवार को बीएसए ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पर करन तीनों शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी है।
ड्यूटी कटवाने आया शिक्षक भी निलंबित
सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भैला प्रथम में तैनात सहायक अध्यापक गेहवेंद्र प्रकाश की ड्यूटी बीएलओ के तौर पर लगाई गई है। आरोप है कि गेहवेंद्र प्रकाश 27 अगस्त को विद्यालय स्तर पर आयोजित बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहने के बजाय ड्यूटी कटवाने डीएम के पास पहुंच गए थे। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने कार्रवाई के लिए बीएसए को निर्देशित किया। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने गेहवेंद्र प्रकाश को भी निलंबित कर दिया।
अभद्रता करने व एमडीएम नहीं बनवाने पर दो शिक्षक निलंबित
नेवादा ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय अमवां में सहायक अध्यापक महेंद्र सिंह तैनात है। खंड शिक्षा अधिकारी नेवादा ने बीएसए को अपनी रिपोर्ट में बताया कि महेंद्र सिंह छात्र-छात्राओं एवं महिला स्टाफ साथ गालीगलौज तथा अमर्यादित शब्दों का उपयोग करते हैं। इस पर बीएसए प्रकाश सिंह ने महेंद्र सिंह को निलंबित करते हुए उप्रावि. सेवढ़ा से संबद्ध कर दिया है।
वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा अरविंद कुमार पांडेय की रिपोर्ट पर बीएसए ने अलीपुर जीता प्राइमरी स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक मधुकर ओझा को निलंबित कर दिया है। आरोप है कि मधुकर ओझा विद्यालय में एमडीएम नहीं बनवाते हैं। साथ ही कर्मचारी आचरण सेवा नियमावली के विपरीत कार्य करते हैं। इस पर बीएसए ने मधुकर को निलंबित करते हुए उप्रावि. बारा हवेली से संबद्ध कर दिया है।
दो सुपरवाइजरों को चेतावनी नोटिस
कलक्ट्रेट में आयोजित मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम के सामने दो सुपरवाइजरों की लापरवाही सामने आई। प्राथमिक विद्यालय मलाक मोहिउद्दीनपुर के सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार मिश्रा अपने बीएलओ से फार्म छह, सात और आठ नहीं भरवा सके थे। वहीं संविलियन विद्यालय उदिहिन खुर्द के सहायक अध्यापक ईश्वरशरण सिंह भी अपने बीएलओ से फार्म छह, सात और आठ नहीं भरवा सके थे। र डीएम के निर्देश पर बीएसए प्रकाश सिंह ने नोटिस जारी करते हुए दो दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।