अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही बुल्डोजर संस्कृति जिले में भी अपराधि यों की कमर तोड़ने लगी है। सदर कोतवाली पुलिस ने हत्या जैसे एक मामले में नामजद आरोपी के साथ ऐसा ही प्रयोग किया। पुलिस ने आरोपी के घर बुल्डोजर चलवाने को कहा तो उसने शुक्रवार को खुद ही सरेंडर कर दिया।
सदर कोतवाली के उमरा गांव निवासी बैजनाथ की पांच जुलाई को गांव के बाहर स्थित उनके खेत में लाश पाई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतक के बेटे ने महेवाघाट कोतवाली के अलवारा निवासी बजरंगी सहित एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। बताया कि उसका पानीपत में नौकरी करता था। वहां से उसनें बजरंगी के हाथ घर पैसा भेजा लेकिन यह पैसा बजरंगी ने नहीं दिया। पिता जब घर आया तो इसी लेनदेन को लेकर विवाद हुआ।
घटना के एक दिन पहले भी टेवां बाजार में पैसे को लेकर बजरंगी का पिता से विवाद हुआ था। इस घटना के बाद से बजरंगी फरार था। जबकि प्रकाश में आए अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद हुआ था। पक़ड़े गए आरोपी ने बजरंगी के नाम पर मुहर लगाते हुए कहा कि उसी ने बैजनाथ को मारा है।
इसके बाद से पुलिस बजरंगी के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इंस्पेक्टर मंझनपुर विनोद सिंह का कहना है पिछले दिनों उन्होंने फरारी काट रहे बजरंगी के घरवालों को चेतावनी दिया था कि अगर उसने सरेंडर नहीं किया तो सख्त कार्रवाई होगी। इसी का असर रहा कि शुक्रवार को बजरंगी ने अदालत में सरेंडर कर दिया।