कोतवाली के शुक्लन का पुरवा गांव में मंगलवार रात गृहस्वामी को बंधक बनाकर एक घर से बदमाशों ने हजारों रुपये की लूटपाट की। बदमाशों ने घर से नकदी-गहने सहित हजारों का माल पार कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी कमरे में बंद कर दिया और भाग निकले। परिवार के लोगों ने शोर मचाया मोहल्ले के लोगों ने उन्हें मुक्त कराया।
शुक्लन का पुरवा निवासी दिनेश शुक्ला किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। मंगलवार रात वह परिजनों सहित घर पर सो गया। इस दौरान चोरों ने पहले सेंध काटने का प्रयास किया। कामयाब नहीं हुए तो दीवार फांदकर छत के रास्ते भीतर घुस गए।
गृहस्वामी सहित परिवार के सभी सदस्यों के कमरों का ताला बंद कर दिया और करीब 45 हजार रुपये नकद, लगभग 50 हजार रुपये कीमत के गहने, कपड़े, बर्तन, बिस्तर, अनाज उठा ले गए। परिवार के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो चोर पूरा सामान समेटकर फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा खोलकर कुनबे को बंधन मुक्त कराया। सुबह गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है। मामले में करारी एसओ प्रिंस दीक्षित का कहना है कि तहरीर अर्का चौकी पुलिस को दी गई है। चौकी पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।