बैशकांटी की मृतक छात्रा काजल की फाइल फोटो
- फोटो : KAUSHAMBI
सोमवार की दोपहर घर से संदिग्ध हालत में लापता छठवीं की छात्रा को परिवार के लोग रश्तिेदारी में खोजबीन करते रहे लेकिन नौ घंटे बाद उसका शव घर के अंदर ही फांसी पर लटका मिला। छात्रा ने खुदकुशी की या फिर उसकी हत्या कर फांसी पर लटकाया गया? इसका रहस्य बरकरार है। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करारी कोतवाली के बैशकांटी गांव का विजय लाल रोजी-रोटी के लिए घर से बाहर रहता है। गांव में उसकी पत्नी राम दुलारी अपने दो बेटे व बेटी काजल (13) के साथ रहती है। रामदुलारी के मुताबिक सोमवार दोपहर काजल घर से संदिग्ध हालत में लापता हो गई। काजल का उसकी सहेलियों के यहां पता लगाया गया लेकिन कोई फायदा नहीं हो सका। इसके बाद रिश्तेदारों में खोजबीन शुरू की गई।
करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद रात को काजल का शव घर के एक कमरे में फांसी पर लटका मिला। काजल का शव कमरे के चुल्ले में रस्सी के सहारे लटक रहा था। इकलौती बेटी का शव देख परिवार के लोग बिलख पड़े। वहीं घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। विजय लाल का घर इतना बड़ा नहीं है कि कोई कहीं छिप जाए और उसे खोजने में कई घंटे लग जाएं।
काजल अगर लापता हुई तो चार से पांच कमरों वाले घर में परिवार के लोगों ने पहले उसे वहां क्यों नहीं खोजा। यह तमाम सारे सवाल काजल की मौत के पीछे छूटे हैं। इस बाबत इंस्पेक्टर सुभाष यादव का कहना है काजल की मां ने खुदकुशी की तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।