The fraudster showed the bride to have cheated 90 thousand, case against four including the girl
मोबाइल पर शादी तय कर दुल्हन विदा कराने आए बागपत का युवक ठगी का शिकार हो गया। युवक को 90 हजार का चूना लगाकर दुल्हन फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने हंगामा किया। एसपी दफ्तर के समीप हुए हंगामें की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में युवती समेत चार के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है।
बागपत जनपद के बड़ौत स्थित आवास विकास कालोनी निवासी सचिन कुमार ने बताया कि महेवाघाट कोतवाली के सरसवां गांव में रहने वाला मनीष उसके साथ निजी कंपनी में काम करता है। मनीष ने मोबाइल पर युवती की फोटो दिखाकर शादी का झांसा देकर उसे कौशाम्बी बुला लिया।
मंगलवार को बागपत से अपने भाई संजीव के साथ मंझनपुर आए युवक को मनीष ने दुल्हन और उसकी मां से मुलाकात कराई। शादी में जरूरी गहने व कपड़ों की खरीदारी के लिए 90 हजार रुपये लेने के बाद दुल्हन और उसकी मां बहाने से भाग निकलीं। घंटों वापस नहीं लौटने पर सचिन को ठगी का शक हुआ तो दोनों भाई मनीष को पकड़ एसपी दफ्तर लेकर पहुंचे।
दफ्तर के गेट पर पहुंचते ही मनीष के साथियों ने संजीव और सचिन को जबरन गाड़ियों में बिठाकर अगवा करने का प्रयास किया। विवाद बढ़ते ही पुलिस पहुंच गई। सभी को थाने लाकर जांच-पड़ताल की गई। बुधवार को सचिन की तहरीर पर पुलिस ने युवती समेत चार के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया।
इंस्पेक्टर मनीष पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर युवती व उसकी मां की तलाश जारी है। जल्द ही इस रैकेट का भंडाफोड़ किया जाएगा।