मंझनपुर। जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में बृहस्पतिवार सुबह जबरन घुस रहे युवक का विरोध करने पर हंगामा हो गया। स्टाफ का कहना है कि उनके विरोध करने पर युवक ने स्टाफ के साथ बदसलूकी की। बाद में स्टाफ ने युवक को पीट दिया। मामले की जानकारी होने पर सीएमएस डॉ. दीपक सेठ ने वार्ड आया को आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देने का निर्देश दिया है।
महेवाघाट निवासी ननका के भतीजे की बुधवार को तबीयत खराब हो गई। बच्चे के दौरे पड़ रहे थे। इस पर ननका बच्चे को लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल आया। अस्पताल के स्टाफ ने बच्चे की हालत नाजुक देख एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह ननका भतीजे को देखने जा रहा था तभी वार्ड में रही वार्ड आया ने उसे रोक दिया। बताया कि सफाई का समय है। इस पर ननका वार्ड आया सन्नो देवी पर भड़क उठा और भला-बुरा कहने लगा। इसकी जानकारी जब अन्य स्टाफ को हुई तो उन्होंने हस्तक्षेप किया। इसके बाद भी ननका जबरन वार्ड में जाने की जिद पर अड़ा रहा तो स्टाफ ने उसे पीट दिया। इसके बाद ननका को लेकर स्टाफ सीएमएस के पास पहुंचा। सीएमएस ने वार्ड आया को ननका के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर देने को कहा है।