दुष्कर्म पीड़िता से मिल जिपं. अध्यक्ष ने जाना हाल
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने बृहस्पतिवार को अस्पताल पहुंचकर दुष्कर्म पीड़ित छात्रा का हाल जाना। पीड़ित परिवार से बात कर दर्द जाना। पीड़ित परिवार ने भी अध्यक्ष से अब तक की गई पुलिसिया कार्रवाई पर संतोष जाहिर किया। अध्यक्ष ने मामले में विपक्ष पर राजनीतिक रोटी सेंकने का आरोप लगाया।
अध्यक्ष ने बताया कि कोखराज इलाके की छात्रा से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में मुख्य आरोपी प्रिंसिपल व वीडियो वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद भी विपक्षी दल के नेता मामले मे राजनैतिक रोटियां सेक रहे हैं। विपक्ष को उन्होने सलाह देते हुए कहा कि दुष्कर्म सरीखे जघन्य अपराध पर राजनीति से बचना चाहिए। कहा कि हफ्ते भर पहले कोखराज इलाके में ही अनुसूचित जाति की किशोरी से यादव बिरादरी के युवक ने दुष्कर्म किया था, लेकिन सपा प्रदेश अध्यक्ष ने वहां जाना मुनासिब नहीं समझा।
बसपाइयों का प्रतिनिधि मंडल भी मिला
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश चौधरी की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को दुष्कर्म पीड़ित छात्रा के घर पहुंचा। मौके पर मिली पीड़िता की मां व बड़ी बहन से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही इंसाफ की लड़ाई में हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर मोतीलाल आंबेडकर, केएल गौतम, घनश्याम गौतम, ओमप्रकाश, दिलीप चौधरी आदि मौजूद रहे।