घर के भीतर गला रेतकर की गई थी हत्या
अमीना गोराजू गांव की शशि सिंह पत्नी जयचंद्र सिंह की शुक्रवार रात घर के अंदर ही गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। शशि जिस कमरे में सो रही थी उसी के पास स्थित कमरे में उसके तीन बच्चे सो रहे थे। शशि के बेटे आदेश (13) व बेटी शानू (11) ने मोहल्ले में जाकर बताया कि उसकी मां का शव खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा है।
घटना की जानकारी मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद सीओ सदर डॉ. केजी सिंह, इंस्पेक्टर रोशन लाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि अंदेशा था कि विवाहिता की हत्या दुष्कर्म के बाद की गई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी है।
परिवार के लोग भी अभी तक कुछ नहीं बता सके हैं। अब तक की जांच में पता चला कि शशि की हत्या करने वाला परिवार का कोई करीबी ही है। जिसका घर में आना-जाना था। इसे लेकर छह से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल पुलिस को खुलासे के काफी सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पति ने नहीं जताया किसी पर हत्या का शक
शशि की हत्या हो जाने के बाद उसका पति जयचंद्र सिंह प्रयागराज से गांव आया। जयचंद्र सिंह ने पुलिस को बताया वह प्रयागराज में रहकर वाहन चलाने का काम करता था। घर में उसकी पत्नी बच्चों के साथ रहती थी। शनिवार सुबह मोहल्ले के लोगों से पता चला कि उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई है। जयचंद्र ने बताया कि उसका किसी से विवाद नहीं है। ऐसे में शशि की हत्या कौन कर सकता है? इसका रहस्य बना हुआ है।
आखिर कहां से आया तमंचा
शशि सिंह का शव उसके कमरे में पड़ा था। जिस स्थान पर उसका शव था वहीं पर पास में रखे बाक्स के ऊपर एक तमंचा भी रखा था। लेकिन पुलिस की जांच में किसी ने कोई फायर की आवाज सुनी। ऐसे में तमंचा कौन लेकर आया, इसे लेकर भी रहस्य है। पुलिस भी मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
पुलिस विभाग के सूत्रों की माने तो अब तक जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि हत्या शशि का बेहद करीबी था। घटना वाली रात या तो वह छत में बने होल के सहारे सीढ़ी से नीचे उतरा या फिर शशि ने ही उसे अंदर आने के लिए घर के पीछे का दरवाजा खोला। इसके बाद कातिल ने वारदात को अंजाम दिया और पीछे वाले दरवाजे के रास्ते बाहर निकल गया।
शशि की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस को घटना के खुलासे को लेकर तमाम साक्ष्य मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलित कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। - डॉ. केजी सिंह, सीओ सदर