कोखराज कोतवाली और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो बाइक, पांच मोबाइल व तमंचा बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि बदमाश बाइक चोरी करते थे। सभी के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान कर दिया गया है।
पुलिस ऑफिस में मीडिया में एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कोखराज कोतवाली इलाके में पिछले दिनों एक लूट की वारदात हुई थी। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस खुलासे का प्रयास कर रही थी। खुलासे के लिए कोखराज इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद के अलावा एसओजी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह की टीम को लगाया गया था।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली की कुछ लोग कल्यानपुर में चोरी की बाइक को बेचने के फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान कोखराज कोतवाली के मितुवापुर निवासी इरफान, मो. शारिफ और अब्दुल मजीद के रूप में हुई है। बदमाशों के पास से दो बाइक, पांच मोबाइल फोन व तमंचा बरामद हुआ है। एसपी के मुताबिक पकड़ा गया इरफान प्रयागराज के धूमनगंज के राजरूपपुर में रहता है। वही गिरोह का मास्टर माइंड है।