कौशाम्बी महोत्सव में शुक्रवार को शक्तिपीठ मां शीतला की पावन धरती पर एक साथ आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए पुलिस ने सख्त चौकसी बरती है।
महोत्सव स्थल तक जाने वाले वाहनों को पांच किलोमीटर दूर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा मंच 60 फीट की दूरी के बाद ही कोई वीआईपी बैठ सकेगा। मंच सिर्फ उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति मिलेगी जिनका शासन स्तर से पास जारी होगा।
एएसपी समर बहादुर ने बताया कि सभा स्थल से लेकर बाहर तक पुलिस ने सख्त सुरक्षा का इंतजाम किया है। उन्होंने बताया कि पांच अपर पुलिस अधीक्षक, 17 सीओ, चार कंपनी पीएसी, एक हजार सिपाही, 110 महिला पुलिस कर्मी, तीन दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। इसके अलावा वीवीआईपी सुरक्षा में लगाए गए अतिरिक्त कमांडो व अन्य जवान भी मुस्तैद रहेंगे।
काले कपड़ों पर रहेगा प्रतिबंध
एएसपी समर बहादुर ने बताया कि सभा स्थल में जाने वाले लोग काले कपड़े पहन कर नहीं जाएं। काला पकड़ा, गाली गमछा, काली शर्ट व काली पैंट प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से ऐसा किया गया है। सभा स्थल पर जाने वाले लोग काले रंग का कपड़ा पहन कर न जाएं तो बेहतर होगा। वर्ना सुरक्षा कारणों से कपड़े बाहर ही रखवा दिए जाएंगे।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, ड्रोन भी नहीं घुसेगा
एएसपी ने बताया कि सुरक्षा के सारे बंदोबस्त कर लिए गए हैं। वरिष्ठ अफसर भी सभा स्थल की निगरानी कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। यहां तक की ड्रोन कैमरा भी सभा स्थल में प्रतिबंधित रहेगा। मीडिया के लोगों को खबरों के संकलन में सहयोग करने के निर्देश हैं।