ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की भर्ती के लिए लगभग चार हजार लोगों ने आवेदन किया है। आवेदन की समय सीमा पूरी होने के बाद पंचायत राज विभाग ने सभी आवेदनों को ग्राम पंचायत स्तर पर एकत्रित करने के आदेश दिए थे। खास बात ये है कि महज छह हजार रुपये मासिक मानदेय की नौकरी के लिए बीएससी, एमएससी पास युवाओं ने भी आवेदन किया है। जबकि इसके लिए सिर्फ इंटरमीडिएट तक की योग्यता निर्धारित की गई है।
शासन ने सभी ग्राम पंचायतों में कार्यों के निस्तारण के लिए पंचायत सहायक की तैनाती के आदेश दिए हैं। जिले की 451 ग्राम पंचायतों में दो अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक आवेदन लिए गए। कुछ लोगों ने ब्लॉक और जिला स्तर पर भी आवेदन जमा किए। समय सीमा पूर्ण होने के बाद पंचायत राज विभाग ने सभी आवेदन संकलित कर संबंधित ग्राम पंचायतों को भिजवा दिए हैं।
जिले भर की 451 ग्राम पंचायतों में सहायक के पद के लिए कुल 4295 लोगों ने आवेदन किए हैं। इसमें से सही आवेदनों की छटनी कर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर ही ये सूची संलग्न की जाएगी। इसी के आधार पर पंचायत सहायक का चयन किया जाएगा। डीपीआरओ ने सभी सचिवों को जल्द से जल्द मेरिट सूची बनाने के आदेश दिए हैं।
आरक्षण के बाद भी कर दिए गलत आवेदन
पंचायत सहायक की भर्ती के लिए शासन ने पहले ही सारे नियम साफ कर दिए थे। नियमानुसार जो ग्राम पंचायत जिस वर्ग के लिए आरक्षित थी, उसी वर्ग का व्यक्ति पंचायत सहायक के पद के लिए आवेदन कर सकता है। लेकिन इसके बाद भी दूसरे वर्ग के लोगों ने आवेदन कर दिया। डीपीआरओ ने बताया कि अब ये आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।
नौ कोविड आश्रितों ने भी किया आवेदन
पंचायत सहायक की नियुक्ति में शासन ने कोविड-19 से प्रभावित परिवार के युवाओं को वरीयता में रखने का निर्देश दिया है। जिले में ऐसे नौ आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें मंझनपुर ब्लॉक से एक, सरसवां से दो, नेवादा से एक, कड़ा से चार तथा डीपीआरओ कार्यालय का एक आवेदन शामिल है।
पंचायत सहायक के पद के लिए जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उन सभी को ग्राम पंचायत स्तर पर ही एकत्रित करने के आदेश दिए हैं। ग्राम पंचायत द्वारा ही इनकी मेरिट के आधार पर सूची जारी की जानी है। मेरिट के आधार पर ही चयन किया जाएगा। डॉ. बाल गोविंद श्रीवास्तव- डीपीआरओ
ब्लॉकवार आवेदनों की संख्या
ब्लॉक प्राप्त आवेदन
मंझनपुर 371
सरसवां 525
कौशाम्बी 516
चायल 256
नेवादा 624
मूरतगंज 448
कड़ा 648
सिराथू 586
डीपीआरओ कार्यालय 321
कुल 4295