18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके मतदाताओं का नाम बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय ने चायल तहसील के कई बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ बूथों पर खामियां मिलीं जिन्हें दुरुस्त करने के लिए संबंधित बीएलओ और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं का नाम बढ़ाने के लिए बीएलओ, ग्राम प्रधान सहित आम लोगों से अपील भी किया।
सुबह 11 बजे एसडीएम चायल राम दरस राम के साथ तहसील के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा पहुंचे अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने विद्यालय में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण की हकीकत खंगाली। इस दौरान बीएलओ से मतदाता सूची में बढ़ाए और घटाए गए नाम के बारे में पूछा। इसके साथ ही उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मतदाताओं के बढ़े हुए नामो की जानकारी ली। इस दौरान गांव के सभी बूथ की स्थिति संतोष जनक रही। इसी तरह मूरतगंज के पन्नोई गांव पहुंचे अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ग्राम प्रधान सहित आम लोगों से भी मतदाताओं का नाम सूची में बढ़ाने को लेकर अपील की। इसके बाद कशिया गांव का दौरा कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की हकीकत खंगाली। इसी तरह एसडीएम सदर प्रखर उत्तम ने गोबरसहाई, टिकरी समेत कई बूथों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की हकीकत खंगाली।
तहसील के 432 पोलिग बूथों में रविवार को बूथ दिवस आयोजित किया गया। सभी बूथों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ ने उपस्थित होकर मतदाता सूची प्रदर्शित की। मतदाता सूची में लोगों ने देखकर यह सुनिश्चित किया कि उनका नाम है या नहीं। नाम है तो उसमे कोई गलती तो नहीं। गलती होने पर सुधार के लिए फॉर्म 8 भरा। 18 वर्ष से ऊपर के मतदाता फ़ोटो और पहचान के रूप में कोई एक पहचान और जन्म का प्रमाणपत्र देकर अपना नाम बढ़वाने के लिए फॉर्म 6 भरा। तहसील अंतर्गत भाग संख्या 349 पूमावि रामपुर धमावां में सुबह बीएलओ दीपनारायण मिश्र ने मतदाता सूची का प्रदर्शन किया।
जिसे वहां मौजूद मतदाता रवि सिंह, वैभव सिंह, गौरवसिंह, बद्री प्रसाद पाल, जयचंद्र व वरुण कुमार त्रिपाठी, दीपक कुमार सहित कई मतदाताओं ने अवलोकन किया। बीएलओ दीपनारायण मिश्र ने बताया कि बूथ दिवस में लोगों ने 20 से अधिक फॉर्म जमा किए गए हैं। एसडीएम सिराथू विनय कुमार गुप्ता व तहसीलदार संतोष कुमार ने बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सिराथू ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय काकराबाद का बूथ बंद मिला। उपजिलाधिकारी ने बताया कि बूथ के बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी व सुपरवाइजर पर लापरवाही बरतने के आरोप में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।