मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में रविवार को जिले के 2506 मरीजों का उपचार किया गया। मेले मेें आयुष्मान योजना के पात्रों का गोल्डन कार्ड बनाने के साथ ही सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से चलाई जा रहीं अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से मेले में पहुंचकर बेहतर उपचार की सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान भी किया है।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन सभी 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हिंदप्रकाश मणि ने बताया कि 29 केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में 2506 मरीजों का उपचार किया गया। साथ ही 89 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार मरीजों को दवाइयां भी दीं। कहा कि शासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में नागरिकों को अपने नजदीकी केंद्रों पर पहुंचकर मेले का लाभ उठाना चाहिए। सीएमओ डा. केसी राय ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, कोविड 19 की जांच, मलेरिया की जांच, टीकाकरण आदि कार्य भी सुचारु रूप से किए जाते हैं। बताया कि मेले में 131 लोगों के गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए हैं।