प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एवं जनपद के नोडल अफसर सुभाष चंद्र शर्मा ने बुधवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान एक-एक कर सभी विकास योजनाओं की प्रगति जानी। साथी जरूरी दिशा-निर्देश दिया। डीएसओ ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में नोडल अधिकारी को जानकारी दी। बताया कि बृहस्पतिवार को जिले की सभी 589 सरकारी दुकानों से कार्डधारकों को मुफ्त राशन मुहैया कराया जाएगा।
नोडल अधिकारी ने सुभाष चंद्र शर्मा ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जो भी परियोजना धनाभाव के कारण बंद हैं, उनके लिए बजट की मांग कर ली जाए, ताकि तेजी से कार्य कराया जा सके।
एसपी राधेश्याम ने बताया कि कड़ाधाम कोतवाली में आवासीय एवं अनावासीय भवन का निर्माण कार्य जनवरी 2022 तथा सदर कोतवाली में निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य दिसंबर 2021 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। नोडल अधिकारी ने गंगा एवं यमुना नदी में बाढ़ के दृष्टिगत अस्थायी घाटों की जांच कराने एवं बाढ़ चौकियों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिया।
सीएमओ से वैक्सीन और दवाओं की उपलब्धता, संचारी रोगों से बचाव के लिए किए जा रहे कार्य और एंबुलेंस संचालन की जानकारी हासिल की। डीपीआरओ से कहा कि गांवों में विकास के लिए आए धन से तेजी से कार्य कराते रहें। बैठक में डीएम सुजीत कुमार, एसपी राधेश्याम, सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी, सीवीओ डॉ. बीपी पाठक, डीपीआरओ डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सदर कोतवाली और निर्माणाधीन बस अड्डे का किया निरीक्षण
बैठक के बाद नोडल अफसर सुभाष चंद्र शर्मा ने सदर कोतवाली पहुंचकर निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन एवं कोतवाली का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को कार्य का बोर्ड लगाने, गुणवत्ता के साथ वक्त पर काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीडीओ को टेक्निकल टीम द्वारा जांच कराने का भी निर्देश दिया।
कोतवाली निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन व थाने में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। कहा कि शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर शिकायत निस्तारण का फीडबैक अवश्य लिया जाए। इसके बाद निर्माणाधीन परिवहन डिपो (बस अड्डा) का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों ने बताया कि धनराशि न मिलने के कारण कार्य में प्रगति नहीं हो पा रही है। जिस पर नोडल अधिकारी ने शासन को पत्र भेजकर लगातार पैरवी करने का निर्देश दिया।
बुद्ध की तपस्थली कौशाम्बी का लिया जायजा, ग्रामीणों से हुए रूबरू
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एवं जनपद के नोडल अफसर सुभाष चंद्र शर्मा बुधवार की शाम तथागत बुद्ध की तपस्थली कौशाम्बी का भी जायजा लेने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने गौतम बुद्ध की विरासत को देखा, उसके बाद कोसम इनाम के प्राइमरी विद्यालय में आम जनता से रूबरू हुए। ग्रामीणों से बात कर विकास की हकीकत खंगालने के साथ ही लोगों की सम्स्याएं सुनीं।
उचित दर की दुकान से मुफ्त में मिलने वाले राशन के बारे में जानकारी ली। बिजली, सड़क और पेयजल की भी समस्याओं के बारे में लोगों से पूछा। नोडल अफसर ने ग्रामीणों से कहा कि यदि कोई समस्या है तो हमें नोट करा दें, हम शासन को अवगत कराकर आपकी परेशानियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर बीडीओ देव कुमार और ग्राम सचिव सत्य प्रकाश पांडेय, ग्राम प्रधान फूला यादव, शिवपूजन यादव समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।