पिपरी कोतवाली क्षेत्र के तियरा मोड़ के समीप मंगलवार की दोपहर धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रही बाइक सवार महिलाओं से बदमाशों ने नकदी और मोबाइल छीन लिए। पीड़ित महिलाओं ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पिपरी कोतवाली के खटांगी निवासी अंकित सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी बहन अंजू सिंह और ममेरी बहन आकांक्षा को लेकर मोटरसाइकिल से प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र के अमिलिहन स्थित मसुरिया माता के दरबार में माथा टेकने गया था।
वहां से लौटते समय दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही वह पिपरी के तियरा मोड़ पर पहुंचे तभी पहले से ही घात लगाए बैठे तीन व्यक्तियों ने उनकी बाइक रोक ली और गालीगलौज करते हुए छीना झपटी शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पास रहे 20 हजार रुपये, मोबाइल फोन और मंगल सूत्र, सोने की जंजीर, झुमका आदि छीन लिए। राहगीरों के दौड़ाने पर बदमाश मौके से भाग निकले। मामले की सूचना पिपरी पुलिस को दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।