संदीपनघाट कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता का घर के अंदर फंदे से शव लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के भैरव भींटी गांव निवासी राम नेवाज ने एक साल पहले अपनी बेटी गीता (23) की शादी बड़ागांव निवासी मिथलेश के साथ की थी। मंगलवार की रात गीता घर में बनी कच्ची कोठरी में सोने चली गई। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से नहीं निकली तो परिवार के लोग उसे बुलाने पहुंचे। कई बार आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा तो विवाहिता का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख परिजन चीख पड़े। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव बाहर निकाला। वहीं, थानाध्यक्ष दिलीप कुमार का कहना है कि मामला खुदकुशी का है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ससुराल व मायके वालों की तरफ से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
आर्थिक तंगी को माना जा रहा घटना का कारण
गीता के खुदकुशी करने के पीछे फिलहाल आर्थिक तंगी को कारण माना जा रहा है। मेहनत-मजदूरी करके उसका पति मिथलेश जो भी कमाता था वह दाल-रोटी में ही खप जाता था। आर्थिक स्थिति खराब होने के बाद भी इस परिवार को न तो प्रधानमंत्री आवास दिया और न ही शौचालय। इसे लेकर गीता पिछले कई दिनों से परेशान रहती थी। प्रधान से लेकर उसने विकास विभाग के अफसरों को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी।