अखिलेश को शक था कि पत्नी के गर्भ में पल रहा बच्चा उसका नहीं
इन दिनों सुषमा गर्भवती थी। अखिलेश को शक था कि सुषमा के पेट में पल रहा गर्भ उसका नहीं है। इसी बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। रविवार को भी दंपती के बीच विवाद हुआ। आरोप था कि अखिलेश ने सुषमा के पेट में लोढ़ा मार दिया। इससे उसकी ब्लीडिंग होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सकों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान अस्पताल पहुंची अखिलेश की सास बेलपतिया व साली ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसे लेकर अस्पताल में हंगामा हो गया। किसी तरह बच-बचाकर अखिलेश बाइक लेकर ओसा की तरफ भागा। शाम को उसका शव गौरा (ओसा) के समीप पड़ा मिला। इसे लेकर ससुराल व मायके पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए।
एक दूसरे पर हत्या के लगते रहे आरोप
मायके पक्ष के लोगों का कहना था कि अखिलेश की पिटाई से सुषमा की मौत हुई है वहीं अखिलेश के घरवालों का कहना था कि उसके ससुराल वालों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। हंगामे की जानकारी पर पहुंची कई थानों की फोर्स ने किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों घटना एक हादसा है। महिला की मौत के बाद उसके परिवार के लोग उसके पति के खिलाफ उग्र हुए। पता चला उसका गौरा के पास एक्सीडेंट हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई। फिलहाल दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी सत्यता होगी, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। - हेमराज मीणा, एसपी, कौशांबी