नगर पंचायतों को अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान की शुरुआत शनिवार को करारी में हुई। पहले दिन करारी चौराहे से कस्बे के मंझनपुर मार्ग पर अभियान चलाया गया। फोर्स के साथ जेसीबी लेकर निकले पंचायतकर्मियों ने सड़क पटरी और नाले पर कब्जा करके बनाई गई सीढ़ी, छप्पर, टीनशेड और फुटपाथी दुकानों को हटाया। अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर कस्बे में दिनभर हड़कंप मचा रहा।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी कस्बों को अतिक्रमणमुक्त कराने की रूपरेखा तैयार की है। इस अभियान के तहत जिलाधिकारी ने नगर पंचायतों को सबसे पहले कब्जामुक्त कराने की रूपरेखा बनाई है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, राजस्व और नगर पंचायत के कर्मचारियों से सड़क और नाले की जमीन को हफ्तेभर पहले चिह्नित कराया गया था। शनिवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान करारी कस्बे से शुरू कर दिया गया। सुबह 10 बजे नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी लालजी यादव विभागीय कर्मियों और भारी फोर्स के साथ जेसीबी लेकर निकले।
फोर्स की मौजूदगी में पहले दिन नगर पंचायत ने करारी चौराहे से मंझनपुर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। इस दौरान सड़क पटरी और नाले पर कब्जा करके बनाई गई सीढ़ी, टीनशेड, छप्पर और फुटपाथी दुकानों को जेसीबी लगाकर हटवाया गया। चौराहे से रिजवी कॉलेज के समीप तक सड़क के दोनों ओर अभियान चलाकर सड़क पटरी और नाले पर अस्थाई कब्जे को हटाने का काम किया गया। ईओ लालजी यादव ने बताया कि पहले चरण में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के बाद दूसरे चरण में सड़क के दायरे की जमीन पर बनी पक्की दुकान और मकानों के हिस्से को गिराने का काम होगा।
गिराया गया छप्पर को गुस्से में जलाया
करारी (ब्यूरो)। नगर पंचायत के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जेसीबी लगाकर सड़क पटरी पर कब्जा करके रखे गए टीनशेड, छप्पर और फुटपाथी दुकानों को हटवाया गया। इस दौरान नगर पंचायतकर्मियों ने करारी चौराहे के समीप नयागंज मोहल्ले के गुलाम हुसैन उर्फ भैया की छप्पर की चाय-पान की दुकान भी हटा दी। जेसीबी से छप्पर गिराए जाने से आक्रोशित गुलाम ने खुद ही छप्पर में आग लगा दी।
सड़क पटरी पर लगे खंभे नहीं हटाने का दिखा गुस्सा
करारी (ब्यूरो)। सड़क पटरी को कब्जामुक्त बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने जेसीबी से सीढ़ी, टीनशेड, छप्पर, पान की गुमटियों, चाय की दुकानों को तो हटा दिया। पर, अभियान के दौरान सड़क पटरी पर लगाए गए बिजली के खंभे नहीं हटाए गए। इसे लेकर कस्बे के लोगों में आक्रोश रहा। हालांकि इस मामले में जब अधिशासी अधिकारी लालजी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के अफसरों को पत्र लिखकर सड़क पटरी पर लगे बिजली के खंभों की शिफ्टिंग के लिए कहा गया है। बताया कि जल्द ही कस्बे में सड़क पटरी पर लगे खंभों की शिफ्टिंग करवाई जाएगी।