फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कौशांबी: संदिग्ध हालात में पेड़ से फंदे पर लटका मिला युवक का शव

Tue, 21 Feb 2023 01:07 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
विज्ञापन
नेवादा/बारा। सरायअकिल कोतवाली के पुरखास गांव के समीप सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हाल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। फांसी युवक की शर्ट से लगाई गई थी। युवक अपनी ससुराल मल्लीपुर गांव में रहता था।
विज्ञापन

कौशाम्बी कोतवाली के गढ़वा गांव निवासी रामबाबू निषाद (26) की शादी वर्ष 2018 में सरायअकिल कोतवाली के मल्लीपुर गांव निवासी ननका की बेटी पार्वती देवी के साथ हुई थी। ननका की सिर्फ दो बेटियां थीं, बेटा नहीं है। शादी के बाद से रामबाबू अपनी ससुराल में ही रहता था। वह यमुना घाट पर बालू की निकासी करता था। रामबाबू की बहन मंगलवती भी मल्लीपुर गांव में मूलचंद्र से ब्याही है।
रामबाबू को शराब पीने की लत थी। रविवार को रामबाबू अपनी बहन के घर ठहरा था। रात को उसने शराब पी। पार्वती ने बताया कि वह पति को बुलाने गई थी, लेकिन वह नहीं आया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे तक रामबाबू मल्लीपुर में देखा गया। इसके बाद उसका शव पुरखास गांव के समीप धवई नाला के किनारे शीशम के पेड़ में फंदे से लटका मिला। रामबाबू के दोनों पैर घुटने के सहारे जमीन से टिके थे। जो शर्ट रामबाबू घर से पहन कर निकला था, उसी से फांसी लगाई गई थी।
विज्ञापन

घटना की जानकारी पर परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह का कहना है अब तक की जांच में खुदकुशी की बात सामने आ रही है। शरीर पर चोट के निशान नहीं है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह का पता चल सकेगा।

आखिर पतली सी डाल पर कैसे चढ़कर लगाई फांसी
बारा। फोरेंसिक टीम की मानें तो घटना स्थल से खुदकुशी के सारे संकेत मिले हैं। लेकिन, मौके पर मौजूद जानकार इसे खुदकुशी नहीं मान रहे हैं। वजह यह है कि जिस डाली से शव लटक रहा था, उस पर चढ़कर फांसी लगाना संभव नहीं है। डाल शीशम की थी, लेकिन शव के वजन से वह काफी नीच आ गई थी। ऐसे में अगर रामबाबू छटपटाया भी होगा तो जान बच सकती थी।

हाथ में गोदना से हुई शव की पहचान
नेवादा। धवई नाले के समीप फंदे से लटके मिले युवक को सबसे पहले बंजारों ने देखा। बंजारा शव देख डर गए और शोर मचाते हुए गांव की बस्ती पहुंचे। इसके बाद जुटे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के हाथ में रामबाबू निवासी गढ़वा और सीने में दिल बनाकर उसमें लिखा रामबाबू शब्द देखा। इसके बाद सोशल मीडिया के जरिये मृतक का फोटो इलाके के प्रधानों के बीच वायरल किया। फोटो देख मल्हीपुर गांव के प्रधान ने शव की पहचान की।

पत्नी से विवाद की रही चर्चा
नेवादा। रामबाबू की पत्नी ने बताया कि मृतक रविवार को अपनी बहन मंगलवती के यहां था। चर्चा रही कि पार्वती का रामबाबू से किसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी विवाद हुआ। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
-
चार महीने पहले हुई थी बेटी
नेवादा। रामबाबू की मौत से उसकी चार माह की बेटी के सिर से पिता का साया छिन गया है। रामबाबू के पिता अर्जुन और भाई शिवबाबू दिल्ली में रहते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दी गई है। भाई और पिता दिल्ली से रवाना हो चुके हैं। इस वजह से अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें