Incense neutralized by thick fog and clouds
- फोटो : KAUSHAMBI
घने कोहरे और घने बादलों ने सर्दी में इजाफा कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह घने कोहरे के साथ हवाओं से गलन बढ़ गई। दोपहर बाद हल्की धूप भी निकली तो सर्दी से कुछ राहत नहीं दे सकी। बृहस्पतिवार को पारा लुढ़ककर छह डिग्री पहुंच गया।
बृहस्पतिवार को आधे दिन तक कोहरा छाया रहा। उसके बाद सूर्य के दर्शन भी हुए तो बदली के कारण धूप से राहत नहीं मिली। गलन बरकरार रहने के कारण लोगों ने आग का सहारा लिया। जिले में न्यूनतम पारा लुढ़क कर छह डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज हुआ। बृहस्पतिवार को कोहरे व सर्द हवाओं के साथ गलन ने लोगों को खूब परेशान किया। सूर्यास्त के बाद एक बार फिर कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने लगीं।
सरकारी कार्यालय भी रहे प्रभावित, छाया रहा सन्नाटा
कर्मचारी भी सर्दी में कांपते हुए कार्यालय पहुंचे। कड़ाके की सर्दी के कारण कार्यालयों का कामकाज भी प्रभावित रहा। कर्मचारी सर्दी से बचने की कोशिशों में जुटे रहे। सर्दी के चलते कचहरी में पूरे दिन भीड़ नहीं दिखी। सामान्य दिनों में दोनों कार्यालयों में फरियादी आते रहते हैं। कचहरी व विकास भवन जैसे स्थानों पर भीड़ नहीं दिखाई दी। रेलवे स्टेशन व रोडवेज बस स्टैंड पर भी यात्री सर्दी से परेशान दिखे। बाजार में सड़कों पर भी सन्नाटा रहा।