पहले चरकोविड-19 वैक्सीनेशन के पहले चरण के तीसरे दिन सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान संपन्न हुआ। बृहस्पतिवार को जिले के सभी नौ स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इसमें सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी, सीएमएस डॉ. दीपक सेठ, कड़ा सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज सिंह, मंझनपुर पीएचसी के एमओआईसी डॉ. अरुण पटेल समेत 922 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया।
टीकाकरण के दौरान कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए पहले चरण के तीसरे दिन जिले में टीकाकरण अभियान चलाया गया। प्रथम चरण में फ्रंट लाइन वर्करों (डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों) का टीकाकरण किया जा रहा है। 16 जनवरी को पहले दिन चार केंद्रों पर 400 के सापेक्ष 362 व दूसरे दिन पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर 22 जनवरी को 1200 के मुकाबले 741 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन की डोज लगवाई।
बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय के साथ ही पीएचसी मंझनपुर, नेवादा, मूरतगंज, चायल, सीएचसी कनैली, सरायअकिल, सिराथू एवं कड़ा समेत आठों ब्लॉकों में 24 सत्र आयोजित कर 1425 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। खराब मौसम के बीच सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने पीएचसी मंझनपुर में वैक्सीन की डोज लगवाकर टीकाकरण का शुभारंभ किया। यहां पर एमओआईसी डॉ. अरुण पटेल ने भी टीका लगवाया। संयुक्त जिला चिकित्सालय में सीएमएस डॉ. दीपक सेठ व सीएचसी इस्माइलपुर में डॉ. नीरज सिंह वैक्सीन की डोज ली। इसी तरह सभी केंद्रों पर भी स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया। शाम पांच बजे तक 922 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया।
12 सत्र में 1264 को आज दी जाएगी वैक्सीन की डोज
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने बताया कि शुक्रवार को भी सभी नौ केंद्रों पर कोविड वैक्सीन की डोज दी जाएगी। बताया कि शुक्रवार को केवल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 1264 लाभार्थियों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। इसके लिए सभी लाभार्थियों को मैसेज भेज दिए गए हैं।
स्वदेशी वैक्सीन सीरम सीटूटू आज मुझे लगाई गई। कोई दिक्कत नहीं हो रही है। सबको फ्री में वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए सरकार का धन्यवाद। वैक्सीन जिला अस्पताल के सभी कर्मचारियों को लगेगी। ताकि, सभी लोग और भी निर्भीक होकर अस्पतालों में कोविड पीड़ितों का इलाज कर सकें।
डॉ. दीपक सेठ-सीएमएस, संयुक्त जिला चिकित्सालय
मुझे आज कोरोना का प्रथम टीका लगाया गया। मुझे कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं महसूस हुआ। इसलिए मैं समस्त जनता से ये गुजारिश करूंगा कि आप सभी लोग बढ़चढ़ कर कोविड-19 के वैक्सीनेशन में भाग लें। खुद स्वस्थ बने और सारे हिंदुस्तान को स्वस्थ बनाएं।
डॉ. अरुण पटेल-एमओआईसी, पीएचसी मंझनपुर
Immunization increased on third day of first phase- फोटो : KAUSHAMBI
Immunization increased on third day of first phase- फोटो : KAUSHAMBI