पति ने तीन बार बोला...तलाक, तोड़ दिया निकाह का बंधन
- पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां गांव की घटना
- पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली के जाफरपुर महावां गांव में एक विवाहिता को पति ने घरवालों के सामने तीन बार तलाक बोल कर सारे-रिश्ते समाप्त कर दिए। विवाहिता के विरोध करने पर ससुरालियों ने उसकी सुनने के बजाय मारपीट कर घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
करारी कोतवाली के दरियापुर गांव की मुस्कान पुत्री महताब का कहना है कि उसका निकाह साल भर पहले जाफरपुर महावां निवासी आफताब के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। विवाहिता ने यह बात घरवालों से बताई तो बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। आरोप है कि शनिवार की शाम दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोलकर रिश्ता समाप्त कर लिया। इतना ही नहीं पति ने अपने घरवालों के साथ मिलकर उसे पीटा और घर से निकाल दिया। मायके पहुंची विवाहिता ने आपबीती बताई तो पुलिस को तहरीर दी गई। रविवार को पुलिस ने पति आफताब, सास लईका बेगम, देवर अमन, नंद नजमा व ससुर नायाब अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।