प्रेमी ने दोस्तों संग युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म, मुकदमा
- युवती के शादी के होने के बाद ससुरालियों को भेजा अश्लील वीडियो
- पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली युवती के साथ उसके प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी होने के बाद युवती के घरवालों ने उसकी शादी कर दी तो आरोपी ससुराल पक्ष के लोगों को दुष्कर्म का वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने लगा। मामले की शिकायत पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब साल भर पहले उसने युवती को बहाने से बाग में बुलाया व दुष्कर्म किया। आरोपी के साथ रहे दोस्तों ने भी युवती से दुष्कर्म किया। लोकलाज से भय से युवती व उसके घरवालों ने पुलिस से शिकायत नहीं की बल्कि युवती की शादी कर दी गई। आरोप है कि उसके बाद भी आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। दुष्कर्म का बनाया गया वीडियो पिछले दिनों उसने युवती के पति व ससुर को भेज दिया। हालांकि अमर उजाला ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस पर युवती के ससुराल पक्ष के लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए उसे घर से निकाल दिया। इसे लेकर 26 जून को युवती व आरोपी के घरवालों के बीच जमकर मारपीट हुई। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि 26 जून को यूपी-112 को मारपीट की सूचना मिली थी। आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आ रही है। मामले में आरोपी सहित पांच लोगों के खिलाफ दर्ज मारपीट के मामले में दुष्कर्म की धारा को बढ़ाया गया है। दो लोग हिरासत में लिए गए हैं। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।